बिहार सेंट्रल स्कूल में भव्य विज्ञान प्रर्दशनी का आयोजन, नवाचारों से चमके विद्यार्थी
बक्सर। रविवार को बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में विद्यार्थियों द्वारा भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय निदेशक ई.आर.बी. सिंह, उपनिदेशक उर्मिला सिंह एवं सचिव सरोज सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। निदेशक ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी प्रदर्शनी बच्चों की वैज्ञानिक सोच और तकनीकी कौशल को निखारने का माध्यम है, जो भविष्य में उनके नवाचारों को दिशा देती है। विद्यालय सचिव ने बच्चों के अंदर सकारात्मक वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया, जो समाज एवं मानवीय मूल्यों की रक्षा में सहायक बनेगा। प्रदर्शनी में कक्षा पाँच से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संकट, प्राकृतिक ऊर्जा, कृषि तकनीक, प्रदूषण नियंत्रण व दैनिक जीवन को सरल बनाने वाली तकनीकों से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए। वर्ग दशम की बोरणी सिंह ने बताया कि इन मॉडलों का उद्देश्य वर्तमान परिस्थितियों का समाधान तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत करना है। शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की। अंत में श्रेष्ठ मॉडलों को प्रथम से पंचम स्थान तक पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को अभिभावकों व अतिथियों ने अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक बताया।










