कांग्रेस कमिटी की संगोष्ठी में संविधान संरक्षण और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विमर्श
बक्सर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार तथा बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के आदेश पर बक्सर जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा “संविधान संरक्षण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा” विषयक संगोष्ठी का आयोजन जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। समाजसेवी, अधिवक्ता, शिक्षाविद एवं व्यापारी वर्ग की बड़ी उपस्थिति में विचार-विमर्श शुरू हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में एम.भी. कॉलेज के पूर्व अध्यापक डॉ. प्रो. श्याम जी मिश्रा को अंगवस्त्र व संविधान की प्रति भेंट कर आमंत्रित किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. पांडेय ने कहा कि संविधान लागू होने के बाद कांग्रेस ने देश को स्थिर नेतृत्व दिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था की सुरक्षा हेतु निरंतर योगदान किया। उन्होंने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बलिदान को संविधान रक्षा का प्रतीक बताया। डॉ. प्रमोद ओझा ने कहा कि संविधान सभा में कांग्रेस के वैचारिक नेतृत्व व बहुमत ने ही आरक्षण, नागरिकता, मौलिक अधिकारों और न्यायपालिका की स्वतंत्रता जैसे प्रावधान सुनिश्चित किए। संगोष्ठी में संजय कुमार पांडे, वीरेंद्र राम, संजय दुबे, पप्पू दुबे सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संविधान रक्षा हेतु हर संभव प्रयास का संकल्प लिया।










