राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता का शुभारंभ, डीएम व एसपी ने खिलाड़ियों को किया प्रेरित
बक्सर। गुरूवार को खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वाधान में राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) वुशू खेल प्रतियोगिता (अंडर-19 बालक/बालिका) का शुभारंभ नगर भवन में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य एवं उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। यह प्रतियोगिता 20 से 22 नवम्बर तक आयोजित होगी। जिला पदाधिकारी ने खिलाड़ियों को अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वुशू शरीर के साथ मन को भी मजबूत और अनुशासित बनाता है तथा गति, लचीलापन और सहनशक्ति बढ़ाने में प्रभावी है। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त को शॉल, मोमेंटो और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। संचालन शारीरिक शिक्षक अशोक कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कन्हैया लाल, मदन कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, संजय कुमार, मो. मुस्लिम, धर्मेंद्र कुमार, राकेश रंजन उपाध्याय, सावित्री सिंह, शम्मा परवीन, लवली दर्शनम आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










