शंभूनाथ सिंह यादव की जीत पर उत्सव, पखावज नाच से झूम उठा माहौल
चक्की। ब्रह्मपुर विधानसभा चुनाव में महागठबंधन उम्मीदवार शंभूनाथ सिंह यादव की जीत की घोषणा होते ही पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। कड़े मुकाबले वाली इस सीट पर परिणाम सामने आते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। जीत की खुशी में स्थानीय परंपरा के अनुसार पखावज नाच का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। चुनाव परिणाम के अनुसार राजद उम्मीदवार शंभू नाथ सिंह यादव ने 3,220 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 95,828 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनडीए उम्मीदवार हुलास पांडेय को 92,608 वोट प्राप्त हुए। शुक्रवार की शाम तक चली कड़ी टक्कर के बाद अंततः राजद ने यह सीट अपने नाम की। शाम 7 बजे डीसीएलआर टेश लाल सिंह ने विजेता उम्मीदवार को औपचारिक रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। परिणाम घोषित होने के बाद चक्की स्थित विधायक आवास पर समर्थक ढोल-नगाड़ों के साथ जुटे और आतिशबाजी कर खुशी मनाई। वहीं पखावज नाच से पूरा माहौल खुशी और उत्साह में झूम उठा।










