स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का उच्च स्तरीय निरीक्षण संपन्न
बक्सर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के संदर्भ में शनिवार को बक्सर जिले में स्थापित स्ट्रांग रूम का उच्च स्तरीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में डीआईजी, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी बक्सर, पुलिस अधीक्षक, दोनों अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम परिसर में लागू तीन स्तरीय सुरक्षा प्रणाली की समीक्षा की गई, जिसमें प्रथम स्तर पर केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती, द्वितीय स्तर पर जिला पुलिस बल की सुरक्षा परिधि तथा तृतीय स्तर पर सशस्त्र स्थिर बल एवं डिजिटल निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित पाई गई। टीम ने स्ट्रांग रूम के भीतर एवं बाहरी क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश नियंत्रण प्रणाली, फायर सेफ्टी, लॉग बुक संधारण तथा 24×7 निगरानी व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया। स्ट्रांग रूम नोडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (भवन निर्माण) एवं जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी द्वारा सुरक्षा एवं तकनीकी व्यवस्था पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। निरीक्षण दल ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान से लेकर मतगणना तक सुरक्षा में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी और सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। जिला प्रशासन बक्सर ने यह आश्वस्त किया है कि स्ट्रांग रूम पूर्णतः सुरक्षित, तीन स्तरीय एवं निगरानीयुक्त है।










