एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में पहुंचे मनोज तिवारी, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
डुमराँव। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शनिवार को डुमरांव में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में स्टार प्रचारक अभिनेता सह सांसद मनोज तिवारी का आगमन हुआ। हालांकि मौसम खराब रहने के कारण वे निर्धारित समय से विलंब से पहुंचे। तय कार्यक्रम के अनुसार रोड शो की शुरुआत प्रतापसागर से हो चुकी थी, जिसमें एनडीए प्रत्याशी राहुल सिंह, एनडीए समर्थित दलों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। रोड शो के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों का लंबा काफिला शहर की सड़कों पर नजर आया। जैसे-जैसे काफिला आगे बढ़ता गया, लोगों में उत्साह और जोश देखने को मिला। शहरवासी अभिनेता मनोज तिवारी की एक झलक पाने के लिए अपने-अपने घरों की छतों और दरवाजों पर खड़े दिखाई दिए। लेकिन जब उन्हें रोड शो में देर तक नहीं देखा गया, तो कई समर्थक मायूस हो गए। बाद में जब मनोज तिवारी का काफिला छठिया पोखरा पहुंचा, तो समर्थकों में नया जोश भर गया। वहां से वे चैगाई की ओर रवाना हुए, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। सैकड़ों समर्थकों की मौजूदगी में “मनोज तिवारी जिंदाबाद, एनडीए विजयी हो” के नारों से पूरा इलाका गुंजायमान हो उठा। अपने संबोधन में सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि “बिहार में विकास की रफ्तार किसी भी कीमत पर रुकनी नहीं चाहिए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य ने प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे एनडीए प्रत्याशी राहुल सिंह को भारी मतों से विजयी बनाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करें। मनोज तिवारी के आगमन से डुमरांव में चुनावी माहौल और अधिक गरम हो गया है। समर्थकों में जोश और विपक्षी खेमे में हलचल दोनों स्पष्ट रूप से देखी जा रही है।










