एनडीए प्रत्याशी हुलास पांडेय का जनसंपर्क अभियान जारी, जनता से विकास के लिए समर्थन की अपील
बक्सर/ब्रह्मपुर। विधानसभा क्षेत्र से एनडीए के प्रत्याशी एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य हुलास पांडेय का जनसंपर्क अभियान बुधवार को भी जोरशोर से जारी रहा। उन्होंने सेंधवा, चंदा, परसिया, भरियार, हेमदापुर, लीलाधरपुर, जवहीं दियर और वेदौली सहित कई गांवों में भ्रमण कर जनता से संपर्क साधा। जनसभा को संबोधित करते हुए श्री पांडेय ने कहा कि ब्रह्मपुर के सर्वांगीण विकास के लिए एनडीए को मजबूत बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “रोटी, माटी और बेटी की सुरक्षा करनी है, शिक्षा का अलख जगाना है, सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाना है और अपराध मुक्त समाज के निर्माण के लिए हमें आपका सहयोग चाहिए।” उन्होंने लोगों से हेलीकॉप्टर छाप पर क्रम संख्या तीन को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव ब्रह्मपुर के विकास और सम्मान का चुनाव है। पूर्व एमएलसी पांडेय ने कहा कि “ब्रह्मपुर का विकास केवल जनता के सहयोग से ही संभव है। वर्तमान विधायक को केवल अपने निजी स्वार्थ की चिंता है, जबकि हम जनता की सेवा को ही अपना धर्म मानते हैं।” जनसंपर्क अभियान के दौरान एनडीए समर्थकों और स्थानीय जनता का उत्साह देखने लायक था। लोग बड़े उत्साह के साथ हुलास पांडेय के समर्थन में नारे लगा रहे थे।










