दीपांकर भट्टाचार्य ने केसठ में चुनावी सभा को किया संबोधित
केसठ। प्रखंड के स्थानीय नया बाजार में भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य का चुनावी सभा कार्यक्रम शनिवार को हुआ। इस दौरान उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की सरकार बैसाखी पर चल रही है। नरेंद्र मोदी वोट चोरी के माध्यम से विधानसभा चुनाव जीतना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बुलडोजर वाली सरकार को आने से रोकना हैं। इसके लिए एकजूट होकर महागठबंधन के पक्ष में मतदान करना है। तानाशाही के आगे हमें झुकना नहीं है। तानाशाही से बिहार का विकास कतई संभव नहीं है। विगत 20 साल से एनडीए की सरकार में बिहार का विकास कुछ नहीं हुआ है। केवल अडानी का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर बकवास, भ्रष्टाचार और लूट है। एनडीए गठबंधन के अंदर माफिया व अपराधी भरे हुए हैं। बिहार में अफसर शाही की सरकार है। उन्होंने महागठबंधन के प्रत्याशी अजीत कुशवाहा के पक्ष में मतदान करने को लेकर अपील की।










