विजन जीरो परिकल्पना पर सम्पन्न हुआ था अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन 49 उद्योगों को किया गया सम्मानित
बक्सर। विज़न ज़ीरो की परिकल्पना पर डिजिटलीकरण और ससटेनिबिलिटी के एकीकरण विषय पर चौथा अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन 8 अक्टूबर 2025 को डीजीयूवी जर्मनी, अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संघ (आईएसएसए) ओएसएच अकादमी एवं नई दिल्ली स्थित जर्मन दूतावास जैसे भागीदारों के साथ मिलकर, इंडो जर्मन कॉपरेशन फॉर सेफ्टी हेल्थ एंड वेलबिंग (आईजीसीएसएचडब्ल्यू) नोएडा द्वारा सिल्वर ओक, इंडिया हैबिटेट सेंटर (आईएचसी) नई दिल्ली में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य सरकार, उद्योगों, शिक्षाविदों और समाज के नागरिकों को विज़न ज़ीरो की दिशा में काम करने के लिए एक साथ लाना था जिससे कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं को समाप्त किया जा सके एवं सुरक्षा के स्तर में बढ़ोतरी की जा सके। सम्मेलन में देश विदेश के वक्ताओं द्वारा बताया गया कि कैसे डिजिटल तकनीक सुरक्षित और अधिक सुरक्षित कार्यस्थल बनाने में मदद कर सकती है। इस सम्मेलन में वैश्विक उदाहरणों को साझा किया गया एवं भारत की प्राथमिकताओं के अनुरूप नीतियों और योजनाओं को विकसित करने पर चर्चा की गई। इस सम्मेलन का उद्घाटन प्रो. कार्ल-हेंज नोएटेल (आईएसएसए, जर्मनी) तथा डॉ. अवनीश सिंह, पूर्व महानिदेशक, डीजी फ़सली, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार एवं अन्तराष्ट्रीय समन्वयक विज़न ज़ीरो रेटिंग सिस्टम, भारत द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रो. नोएटेल ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि शिक्षा और जन जागरूकता अभियानों के माध्यम से विज़न ज़ीरो प्रणाली अपनाकर लोगों को सुरक्षित व्यवहार के प्रति प्रेरित किया जा सकता है। इस अवसर पर डॉ. अवनीश सिंह ने सभी प्रतिभागियों से अपील करते हुए कहा कि उन्नत प्रौद्योगिकी, डिजिटल उपकरणों का प्रयोग करते हुए कार्य स्थल पर दुर्घटनाओं को समाप्त करने के लिए पूरी ताकत से काम करें ताकि देश में सम्पूर्ण खुशहाली लाई जा सके। सम्मेलन में, मीके जैगर (जर्मन दूतावास, नई दिल्ली), डॉ. स्वेन टिम (डीजीयूवी, जर्मनी), प्रो. पार्थ मित्रा (पूर्व प्रधान सलाहकार, श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय, भारत सरकार), डॉ. मार्क फुलेमैन (स्विट्जरलैंड), डॉ. जेन्स जुहलिंग (जर्मनी), पंकज सिंह (अडानी सीमेंट, भारत), डॉ. ललित आर. गभाने (राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद, भारत), डॉ. बृज मोहन (पूर्व निदेशक, डी जी फ़सली,, भारत), संजीव रैना (बीपीसीएल, मुंबई) एवं कई अन्य प्रतिष्ठित विशेषज्ञों नें अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए। सम्मेलन के समापन सत्र में चतुर्थ विज़न ज़ीरो रेटिंग प्रस्तुति समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 49 उद्द्योगों को सुरक्षा और सततता के प्रति उत्कृष्ट प्रतिबद्धता हेतु शील्ड और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में दुनिया भर से आए लगभग 250 प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन कु. अर्चिता शर्मा द्वारा किया गया तथा इसके सफल आयोजन में करुणेश श्रीवास्तव, अनिल शाही, अजीत चौबे, पल्लवी सिंह, डॉ. विशेष सिंह, अरुण सिंह, करन, प्रियांशु लखेरा, गोबिंदा, अर्चित श्रीवास्तव एवं मनोज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।











