स्वच्छता ही सेवा व मतदाता जागरूकता अभियान पर राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय बक्सर में विशेष कार्यक्रम आयोजित
बक्सर। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी डॉ विद्यानंद सिंह की उपस्थिति में एवं महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता ही सेवा एवं स्वीप मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी बक्सर द्वारा संस्थान परिसर में पौधारोपण से किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आकाश चैधरी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राम नरेश राय एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके पश्चात मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिसमें जिला पदाधिकारी डॉ विद्यानन्द सिंह, उप विकास आयुक्त आकाश चैधरी, स्वीप नोडल पदाधिकारी अमित कुमार एवं नमामि गंगे पदाधिकारी आलोक नारायण वत्स एवं प्राचार्य ने संयुक्त रूप से संपन्न किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं स्वागत डांस प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता एवं मतदान दोनों ही नागरिक कर्तव्यों का अहम हिस्सा हैं और युवाओं को इसमें अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। उप विकास आयुक्त ने युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती के लिए सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। नोडल पदाधिकारी अमित कुमार एवं स्वीप आइकन अभिराम सुंदर ने भी प्रेरक भाषण देकर विद्यार्थियों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में बच्चों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छता और मतदान का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स एवं उनकी 30 बटालियन के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। समापन पर संस्थान के सह-प्राध्यापक डॉ. आर. एन. यादव ने धन्यवाद प्रस्ताव देकर अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक प्राध्यापक आकृति एवं गौतम कुमार का विशेष योगदान रहा। संपूर्ण आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम नरेश राय के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।










