युवा मतदाता भाग्य विधाता वूशु चैंपियन प्रतियोगिता 2025 के माध्यम से मतदाता जागरूकता
बक्सर। जिलाधिकारी बक्सर के निर्देशानुसार आसन्न बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के अवसर पर स्वीप (मतदाता जागरूकता) अभियान के तहत वूशु चैंपियन प्रतियोगिता-2025 का आयोजन रविवार को बक्सर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी और अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उप विकास आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें “मेरा वोट मेरा अधिकार” से अवगत कराना है। अपर समाहर्ता ने युवाओं से अपील की कि नए योग्य मतदाता आगामी विधानसभा चुनाव में अवश्य मतदान करें। कार्यक्रम का संचालन स्वीप आइकॉन अभिराम सुंदर ने किया। अंतरराष्ट्रीय वूशु चैंपियन दीक्षा कुमारी, नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट निधि कुमारी, वूशु सेक्रेटरी एवं कोच लव कुमार ने प्रतियोगिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्वीप नोडल पदाधिकारी ने सभी उपस्थितों से मतदाता शपथ दिलाई और उन्हें अपने परिवार सहित सभी को मतदान के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवा मतदाता ही देश के आज और आने वाले कल के सच्चे भाग्य विधाता हैं। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। बालक वर्ग में राजा कुमार, आकाश यादव, धनंजय सिंह, रुस्तम सिंह प्रमुख विजेता रहे। बालिका वर्ग में खुशी श्रीवास्तव, प्रियांशु कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, शालू कुमारी, श्वेता प्रमुख रही। कार्यक्रम का उद्देश्य बक्सर जिले में मतदाता प्रतिशत बढ़ाना और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।










