बिहार पब्लिक स्कूल में स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवा चेतना कार्यक्रम, संतोष यादव ने दी युवाओं को प्रेरणा
बक्सर। बिहार पब्लिक स्कूल, बक्सर के तत्वावधान में 12 जनवरी 2026 (सोमवार) को स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में “युवा चेतना कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 11 बजे हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विश्व की प्रथम महिला पर्वतारोही एवं पद्मश्री सम्मानित संतोष यादव उपस्थित रहीं। उनके आगमन पर विद्यालय के बैंड दल द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संतोष यादव के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों पर आधारित प्रेरणादायी नाटक प्रस्तुत कर युवाओं को अनुशासन, साहस और आत्मविश्वास का संदेश दिया। स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में संतोष यादव ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभा को संबोधित करते हुए संतोष यादव ने कहा कि सपनों को साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और संकल्प आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से समय के महत्व को समझने, असफलता से सीख लेने और लक्ष्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। इस दौरान रुद्रा गुरुकुल के संस्थापक अविराम सुंदर को उनके शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे। विद्यालय के निदेशक राकेश ओझा ने कार्यक्रम की सराहना की, जबकि प्राचार्य विकास ओझा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।










