मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 90,818 दीदियों को 90.81 करोड़ की राशि का अंतरण
बक्सर। शुक्रवार को नगर भवन, बक्सर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अंतर्गत 75 लाख महिला लाभुकों को 10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल 7500 करोड़ की राशि अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह एवं जीविका दीदियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। योजना के तहत प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार शुरू करने हेतु 10,000 की राशि दी जा रही है, जिसे बाद में आकलन कर 2 लाख तक बढ़ाया जा सकेगा। योजना में महिलाओं को स्थानीय स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर प्रशिक्षण, उत्पादन और विपणन की व्यवस्था की जाएगी। बक्सर में 90,818 जीविका दीदियों के बीच 90.81 करोड़ की राशि अंतरण की गई। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर राज्य के आर्थिक विकास को गति देगी।










