पहवा बेंच में नए अध्यक्ष के रूप में धन्नू लाल प्रेमातुर का सर्वसम्मत चुनाव
बक्सर। पहवा बेंच के आजीवन सम्मानित अध्यक्ष रहे स्वर्गीय राज ऋषि राय के देहांत के उपरांत आयोजित शोकसभा एवं बैठक में सर्वसम्मति से धन्नू लाल प्रेमातुर को पहवा बेंच का नया अध्यक्ष चुना गया। चुनाव करतल ध्वनि के साथ संपन्न हुआ, जिसमें पहवा बेंच के सभी सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। अध्यक्ष चुने जाने के बाद वरिष्ठ सदस्य इंजीनियर रामप्रसन्न द्विवेदी ने अंगवस्त्र तथा संजय कुमार त्रिपाठी ने पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद “हर हर महादेव” के जयघोष के बीच उन्हें अध्यक्ष पद की कुर्सी पर आसीन कराया गया। अपने संबोधन में नव-निर्वाचित अध्यक्ष धन्नू लाल प्रेमातुर ने कहा कि वे पहवा बेंच की गरिमा, आदर्श और मर्यादा की रक्षा पूरी निष्ठा से करेंगे तथा स्व. राज ऋषि राय के अधूरे सपनों को पूर्ण करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने समाज में धर्म, कर्म और दायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सकारात्मक विचारधारा को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर प्रदेश सचिव कामेश्वर पांडेय, वरिष्ठ नेता बजरंगी मिश्रा, चैसा प्रखंड अध्यक्ष राजा रमन पांडेय, दिनेश जायसवाल, डाॅ. श्रवण तिवारी, कृष्णा चैबे, अमरनाथ ओझा, जितेंद्र मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










