जवही दियर पिकेट पर पुलिस से मारपीट मामले में दो गिरफ्तार
बक्सर। ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जवही दियर पुलिस पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ शराब माफियाओं द्वारा की गई मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में ब्रह्मपुर थाना कांड संख्या 57/26, 03 मार्च 2026 को बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बक्सर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुर पश्चिम टोला से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद अवैध हथियार के संबंध में ब्रह्मपुर थाना कांड संख्या 60/26, 06 मार्च 2026 को आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक अलग मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रवि कुमार, पिता राजन कुमार, निवासी सरना थाना शाहपुर जिला भोजपुर तथा पप्पू कुमार, पिता सुरेंद्र तुरहा, निवासी रानीसागर थाना शाहपुर जिला भोजपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।










