मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का अंतरण कार्यक्रम, 24,130 महिलाओं को 24.13 करोड़ रुपए वितरित
बक्सर। शनिवार को मुख्यमंत्री बिहार, नीतीश कुमार के कर कमलों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अंतर्गत राज्य की 75 लाख महिला लाभुकों को 10,000 प्रति लाभुक की दर से 7500 करोड़ की राशि का अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नगर भवन बक्सर में आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी बक्सर, डॉ विद्यानंद सिंह, उप विकास आयुक्त आकाश चैधरी, डीपीएम जीविका एवं जीविका दीदियों के द्वारा कार्यक्रम में भाग लिया गया। इस योजना अंतर्गत राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को रोजगार शुरु करने के लिये आर्थिक सहायता दिये जाने की योजना है। हर समुदाय व हर वर्ग के परिवारों की महिलायें इसका लाभ ले सकती हैं। अपनी पसंद का रोजगार शुरु करने के लिये प्रारंभिक राशि 10 हजार दी जा रही है। बाद में आकलन कर 2 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता का प्रावधान है। पसंद के रोजगार हेतु प्रशिक्षण की भी व्यवस्था है। यह सामुदायिक सहकारिता आधारित योजना है। योजना से लाभान्वित कराने के लिये लाभुकों को पहले स्थानीय स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जायेगा। रोजगार के चयन एवं उसे शुरू करने में उन्हें स्थानीय समूहों की सहायता मिलेगी। लाभुकों को राज्य में सफ़लता पूर्वक कार्यरत 11 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 1 करोड़ 40 लाख से अधिक जीविका दीदियों की संगठनात्मक व्यवस्था का सहयोग मिलेगा। प्रशिक्षण, उत्पादन में सहयोग के साथ-साथ महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिये गांव से शहरों तक हाट-बाजार भी विकसित किये जायेंगे। इस योजना का लक्ष्य महिलाओं को रोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता पर केन्द्रित इस योजना के माध्यम से राज्य एवं देश के आर्थिक विकास को बल मिलेगा। बक्सर जिलान्तर्गत जीविका समूह अंतर्गत 24130 जीविका दीदियों के बीच प्रति 10000 राशि की दर से 241300000 रुपए राशि का अंतरण किया गया।










