महाजनी मध्य विद्यालय में समावेशी शिक्षा पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
डुमराँव। महाजनी मध्य विद्यालय में सामान्य शिक्षकों हेतु समावेशी शिक्षा पर तीन दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षक जय प्रकाश और ज्योति कुमारी ने विभिन्न क्षमताओं वाले बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने की अनुकूल शिक्षण पद्धति, व्यक्तिगत शिक्षण योजना, वैकल्पिक मूल्यांकन और कक्षा प्रबंधन पर मार्गदर्शन दिया। अंतिम दिन शिक्षकों का मूल्यांकन व्यावहारिक शैली में किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने चार्ट पेपर व ब्लैकबोर्ड पर प्रश्नों के उत्तर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। प्रशिक्षकों ने बताया कि हर बच्चे की क्षमता अलग होती है, इसलिए संवेदनशील दृष्टिकोण, सहानुभूति और व्यवहारगत सहयोग जरूरी है। प्रशिक्षण में संगीता, श्वेता, नगमा खातून सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र पांडेय ने कहा कि विद्यालय स्तर पर सीख को लागू कर गुणवत्तापूर्ण एवं समान शिक्षा सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम शिक्षकों के लिए ज्ञानवर्धक और व्यवहारिक साबित हुआ।










