सामान्य प्रेक्षक ने किया मतगणना कर्मियों के प्रशिक्षण एवं नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण
बक्सर। आगामी 6 नवम्बर 2025 को होने वाले विधानसभा आम निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा के क्रम में राजपुर विधानसभा क्षेत्र (संख्या-202) के सामान्य प्रेक्षक के. विवेकानंदन (आईएएस) ने गुरुवार को जिले के विभिन्न निर्वाचन स्थलों का निरीक्षण किया। प्रेक्षक ने सबसे पहले एम.पी. हाई स्कूल, बक्सर में चल रहे मतगणना कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा लिया। उन्होंने कर्मियों से संवाद करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि हर कर्मी को अपनी जिम्मेदारी का पूरा ज्ञान होना चाहिए ताकि मतगणना प्रक्रिया मुक्त, निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से संपन्न हो। इसके बाद उन्होंने जिला नियंत्रण कक्ष और 1950 कॉल सेंटर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मतदाताओं से प्राप्त शिकायतों के संकलन, पंजीकरण और निस्तारण प्रक्रिया की समीक्षा की तथा अधिकारियों को हर शिकायत का त्वरित और संवेदनशील निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता बक्सर, प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी, लायजनिंग अधिकारी सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।










