जिला पदाधिकारी ने चौसा थर्मल पावर प्लांट का निरीक्षण कर दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश
बक्सर। जिले की जिला पदाधिकारी साहिला (आईएएस) ने शुक्रवार को चौसा थर्मल पावर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण में प्लांट क्षेत्र, रेलवे कॉरिडोर, कोयला भंडारण स्थल और विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर एडीएम, डीएलएओ, डीसीएलआर, डीपीआरओ एवं सीओ चैसा सहित बीटीटीपी प्रबंधन के सीईओ, सीएफओ और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्थानीय युवाओं को कुशल और अकुशल श्रेणियों में प्राथमिकता दी जाए और रोजगार संबंधी रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। रेलवे कॉरिडोर के पास कोयले से उत्पन्न धूल और वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए जल-छिड़काव और परिवहन व्यवस्था में सुधार किया जाए। प्लांट क्षेत्र में पौधारोपण को बढ़ावा देने और आपदा प्रबंधन तैयारियों को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त, प्लांट को सुरक्षा कारणों से उड़ान निषेध क्षेत्र घोषित करने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया गया। सभी अधिकारियों से निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया।










