जिला अधिवक्ता संघ ने मनाई स्व. अनिल कुमार त्रिवेदी की प्रथम पुण्यतिथि
बक्सर। शनिवार को जिला अधिवक्ता संघ, बक्सर के द्वारा अधिवक्ता स्वर्गीय अनिल कुमार त्रिवेदी उर्फ टुनटुन की प्रथम पुण्यतिथि मनाई गई। अधिवक्ताओं ने स्व० त्रिवेदी के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। अधिवक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री पंडित जगनारायण त्रिवेदी के पुत्र अधिवक्ता अनिल कुमार त्रिवेदी एक मृदुभाषी व्यक्ति थे। सबके साथ उनका बेहतर संबंध था। समाज के लिए सदैव आगे बढ़कर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनके चले जाने से इसकी भरपाई करना मुश्किल है। आज उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर हम सभी अधिवक्ता उनके किए गए कार्यों को याद करते हुए नमन करते हैं। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बबन ओझा, वरिष्ठ अधिवक्ता सरोज उपाध्याय, संघ के प्रवक्ता बिंदेश्वरी पांडे उर्फ पप्पू पांडे सहित तमाम अधिवक्ता परिवार से जुड़े लोग व समाजसेवी मौजूद रहे।










