बौर से लदा अरियाव का प्राचीन आम का पेड़ बना आकर्षण
ब्रह्मपुर। जिले के डुमराव अनुमंडल अंतर्गत ग्राम अरियाव में एक अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है। अरियाव ब्रह्म बाबा स्थान के पास स्थित यह विशाल आम का पेड़ पूरी तरह बौर से लद गया है। पेड़ की शाखाओं पर पत्तों की तुलना में सुनहरे बौर अधिक दिखाई दे रहे हैं, जिसे देखकर ग्रामीण और राहगीर दोनों ही हैरान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह पेड़ वर्षों पुराना है और इस बार इसमें असाधारण फ्लावरिंग हुई है। ब्रह्म बाबा स्थान के पास होने के कारण लोग इसमें गहरी आस्था रखते हैं। सड़क किनारे होने के कारण लोग अपनी गाड़ियों की गति धीमी कर इसे निहारते हैं। ग्रामीणों ने अब इस पेड़ के विभागीय संरक्षण की मांग उठाई है। उनका कहना है कि भारी बौर आने के कारण कीटों का खतरा है, साथ ही सड़क किनारे होने के कारण टहनियों को नुकसान या असामाजिक तत्वों से खतरा भी है। पर्यावरण प्रेमियों का सुझाव है कि इसे विरासत वृक्ष घोषित किया जाए। अरियाव पंचायत के नागरिकों ने जिला उद्यान पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी से अपील की है कि पेड़ का निरीक्षण कर उचित सुरक्षा घेरा और देखरेख सुनिश्चित की जाए, ताकि यह प्राकृतिक धरोहर सुरक्षित रहे।










