चक्की में तेजस्वी यादव का हमला – “सरकार बनते ही हर घर से एक को मिलेगी सरकारी नौकरी”
चक्की। ब्रह्मपुर विधानसभा के चक्की सोन हरदेव इंटरनेशनल स्कूल में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनते ही एक माह के अंदर हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। वर्तमान सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि राशन में कटौती की जा रही है, जातीय आवासीय प्रमाणपत्र और अन्य सरकारी कामों में घूस ली जाती है। शराबबंदी केवल नाम की रह गई है। तेजस्वी ने कहा कि हमारी सरकार बनने पर वास्तविक रूप से कानून लागू किया जाएगा। उन्होंने “माय बहन सम्मान योजना” के तहत महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा दोहराया, साथ ही वृद्धजन पेंशन को 1100 रुपये से बढ़ाने की बात कही। उन्होंने वर्तमान सरकार द्वारा हाल ही में दिए गए 10,000 रुपये को चुनावी छलावा बताया और कहा कि सत्ता में आने पर इस योजना की समीक्षा की जाएगी। तेजस्वी ने कहा कि 20 वर्षों से राज्य में विकास नहीं हुआ, एक भी कारखाना नहीं लगा, जिससे बेरोजगारी चरम पर है। उन्होंने महागठबंधन प्रत्याशियों शंभू यादव और अजीत कुशवाहा को विजयी बनाने की अपील की।










