बक्सर में तेजस्वी यादव की ऐतिहासिक जनसभा, बोले – “महागठबंधन की सरकार होगी सबकी सरकार”
बक्सर। बक्सर विधानसभा के कुलहरिया मैदान में महागठबंधन की ऐतिहासिक जनसभा आयोजित हुई, जिसमें लाखों की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने की। मुख्य वक्ता बिहार के भावी मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि “बिहार परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है, जनता अब झूठ, भ्रष्टाचार और बेरोज़गारी से मुक्ति चाहती है। महागठबंधन की सरकार सबकी सरकार होगी नौजवानों, किसानों, महिलाओं और मजदूरों की।” उन्होंने आगे कहा कि “महागठबंधन का संकल्प है न्याय, विकास और समानता का बिहार।” सभा में जोशपूर्ण माहौल रहा, जनता “न्याय के साथ विकास महागठबंधन की आस” और “तेजस्वी यादव बिहार का नया विश्वास” जैसे नारों से गूंज उठी। तेजस्वी यादव ने बक्सर से महागठबंधन प्रत्याशी संजय कुमार तिवारी ‘मुना तिवारी’ और राजपुर से प्रत्याशी विश्वनाथ राम को विजय का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर सांसद सुधाकर सिंह सहित शेषनाथ यादव, संतोष पाठक, पप्पू यादव, डॉ. प्रमोद ओझा, भरत यादव, पूजा देवी, निर्मला देवी, तुषार विजेता, शाहिद समेत अनेक नेताओं ने संबोधित किया।










