मिशन शक्ति के तहत रघुनाथपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम, 100 से अधिक ग्रामीणों ने लिया भाग
बक्सर। मिशन शक्ति योजना के तहत सोमवार को जिला हब कार्यालय, बक्सर द्वारा ब्रह्मपुर प्रखंड के रघुनाथपुर गांव स्थित अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र में विशेष जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को एकत्रित कर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना तथा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में स्वयं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना रहा। मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करने, महिलाओं को सम्मानजनक जीवन प्रदान करने और कन्या शिशु के जन्म के साथ ही परिवार को सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने की पहल की जा रही है। बताया गया कि जिले में जन्म लेने वाली प्रत्येक कन्या शिशु एवं उनके परिवार को स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, मनरेगा, जीविका, शिक्षा, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उन्हें लिखित रूप में संकलित किया गया। इसमें 100 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ शिवांगी एवं डाटा ऑपरेटर रविकांत पासवान सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।










