यूपीएससी परिणाम में चौंकाने वाला मामला, 301वें रैंक पर दो छात्राओं का दावा
बक्सर। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के फाइनल परिणाम में एक बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। 301वें रैंक को लेकर दो अभ्यर्थियों ने दावा कर दिया है। दोनों का नाम आकांक्षा सिंह है और दोनों का कहना है कि यह रैंक उन्हीं का है। परिणाम में रोल नंबर 0856794 के साथ आकांक्षा सिंह को 301वां स्थान मिला है। रिजल्ट जारी होते ही बिहार में रणवीर सेना प्रमुख ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती आकांक्षा सिंह के घर जश्न मनाया जाने लगा। वहीं दिल्ली की रहने वाली दूसरी आकांक्षा सिंह ने भी सामने आकर कहा कि असली रिजल्ट उनका है। इसके बाद मामला सोशल मीडिया और मीडिया में तेजी से चर्चा का विषय बन गया। दोनों अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड सामने आने के बाद मामला और उलझ गया। दिल्ली की आकांक्षा के एडमिट कार्ड और बारकोड में रोल नंबर 0856794 ही दर्ज है। जबकि बिहार वाली आकांक्षा सिंह के एडमिट कार्ड पर रोल नंबर 0856794 लिखा है, लेकिन बारकोड स्कैन करने पर रोल नंबर 0856569 दिखाई देता है। अब असली 301वां रैंक किसका है, यह साफ नहीं हो पाया है। इस मामले में अंतिम फैसला यूपीएससी की जांच और आधिकारिक जवाब के बाद ही स्पष्ट होगा।










