एकडेमिक ग्लोबल स्कूल बक्सर में विज्ञान और स्वाद का संगम – छात्रों ने रचा ज्ञान और कौशल की मिसाल
बक्सर। एकडेमिक ग्लोबल स्कूल बक्सर में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी एवं फूड फेस्ट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के नर्सरी से कक्षा नौवीं तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी का शुभारंभ साबित ख़िदमत फाउंडेशन व अस्पताल के निदेशक व मानव अधिकार संगठन के प्रदेश महासचिव डॉ. दिलशाद आलम, हावर्ड सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य आकिब जावेद, जितेंद्र मिश्र एवं विद्यालय के निदेशक रोशन श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्मार्ट सिटी, सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, रोबोटिक्स एवं स्वास्थ्य जागरूकता जैसे विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने बच्चों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की सराहना की। फूड फेस्ट में विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। पारंपरिक एवं आधुनिक स्वादिष्ट पकवानों का सभी ने आनंद लिया। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और उद्यमशीलता की भावना का विकास हुआ। विद्यालय प्रबंधन समिति ने सभी अभिभावकों, अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का धन्यवाद व्यक्त किया, जिनकी उपस्थिति और सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा।










