सरस्वती शिशु मंदिर, रामरेखाघाट में संस्कार और सम्मान का संगम, वार्षिकोत्सव में हुआ मातृ-पितृ पूजन
बक्सर। सरस्वती शिशु मंदिर, रामरेखाघाट में सोमवार को वार्षिकोत्सव सह मातृ-पितृ पूजन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का विधिवत उद्घाटन भोजपुर विभाग प्रमुख लालबाबू प्रसाद, बालिका खण्ड संकुल प्रमुख मनोरंजन सिंह, अहिरौली विद्या मंदिर कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार और प्रधानाचार्य जैनेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलन और माँ सरस्वती, ऊँ एवं भारतमाता के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया। प्रधानाचार्य द्वारा अतिथियों का परिचय कराया गया। आचार्या माया देवी के निर्देशन में अष्टम की बहनों ने अभिभावकों के समक्ष स्वागत-नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद बच्चों ने अपने माता-पिता का रोली, चंदन, अक्षत और दीप से पूजन-वंदन व आरती की। बाल मेला में सजाए गए स्टॉलस का उद्घाटन अतिथियों द्वारा किया गया, जहाँ बच्चों ने विभिन्न आइटम्स का आनंद लिया। विभाग निरीक्षक बाबूलाल प्रसाद ने कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों में माता-पिता के प्रति सम्मान का जागरण करता है। अध्यक्षीय वक्तव्य में कन्हैया पाठक ने बच्चों द्वारा किए गए पूजन को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे अन्य विद्यालयों के लिए अनुकरणीय बताया। मौके पर अभिभावकगण सहित ममता सिंह, वीणादेवी, एकता कुमारी, सीमा सिंह, सुनील दुबे, उमेश कुमार पाठक आदि उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम बच्चों में संस्कार एवं शिक्षा के समन्वय को बढ़ावा देने में सफल रहा।










