जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, समयबद्धता और पारदर्शिता पर जोर
बक्सर। जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय अंतर्गत कार्यरत प्रधान लिपिकों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में संपन्न हुई, जिसमें सभी शाखाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं कराने पर जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला अल्पसंख्यक कल्याण, बैंकिंग शाखा, योजना कार्यालय, पंचायत शाखा एवं आईसीडीएस के प्रधान लिपिक के एक दिन का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी कार्यालय प्रधानों को शाखा कर्मियों की समय पर बायोमैट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यालय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं उत्तरदायित्व पर विशेष बल देते हुए आम जनता से जुड़े मामलों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया। बैठक में ई-ऑफिस प्रणाली, फाइल ट्रैकिंग एवं अभिलेखों के डिजिटलीकरण पर भी जोर दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित प्रधान लिपिक उपस्थित रहे।










