नारी का सम्मान समाज का उत्थान – मीना सिंह
बक्सर (एसएनबी)। भारतीय जनता पार्टी की जिला उपाध्यक्ष मीना सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में बक्सर विधानसभा के ज्योति चौक स्थित सिटी मैरिज हॉल में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी उपस्थित रहीं, जो अपने महिला प्रवास के क्रम में बक्सर पहुँची थीं। वहीं अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष कंचन जायसवाल ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को विशेष बनाया। मीना सिंह कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाएँ महिलाओं के जीवन को न केवल संवार रही हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं की सही जानकारी समाज की हर महिला तक पहुँचना भाजपा का संकल्प है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई, भ्रांतियों का निराकरण हुआ तथा महिलाओं ने अपने अनुभव साझा कर संवाद को सार्थक बनाया। इस अवसर पर उपस्थित अन्य अतिथियों ने कहा नारी शक्ति के जागरण के बिना समाज का विकास अधूरा है। जब महिलाएँ सशक्त होंगी तभी बिहार और भारत सशक्त बन सकेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन ने यह संदेश दिया कि महिला संवाद केवल चर्चा का मंच नहीं, बल्कि नारी जागरण और सशक्तिकरण का उत्सव है। कार्यक्रम में बक्सर विधानसभा क्षेत्र से आई महिलाओं में रानी देवी, ममता कुमारी, किरण देवी, पुष्पा देवी, गीता देवी, सुनीता कुमारी, ललिता देवी, संगीता देवी, प्रमिला देवी और अंजू कुमारी शामिल रहीं। इन महिलाओं ने सरकार की योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और संवाद को और भी सार्थक बनाया।










