रजनीकांत फाउंडेशन का मानवीय पहल स्कूल की बच्चियों ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल
बक्सर। बक्सर के हीतन पड़री स्थित रजनीकांत फाउंडेशन द्वारा संचालित बाल विकास केंद्र विद्यालय के तत्वावधान में जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल के तहत लगभग 40 से 50 जरूरतमंद व्यक्तियों को ठंड से बचाव हेतु कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यालय के विद्यार्थियों को भी इस सेवा कार्य में सक्रिय रूप से सहभागी बनाया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक दायित्वबोध, परोपकार तथा सामाजिक समरसता के मूल्यों को विकसित करने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और सेवा के महत्व को आत्मसात किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक एवं रजनीकांत फाउंडेशन के सचिव सतीश चंद्र त्रिपाठी ने सभी आगंतुकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है और रजनीकांत फाउंडेशन वर्षों से वृक्षारोपण, शीत ऋतु में कंबल वितरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाजहित में निरंतर कार्य करता आ रहा है। इस अवसर पर फाउंडेशन की अध्यक्षा सुलक्षणा त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष संजय द्विवेदी सहित फाउंडेशन के सदस्य, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकागण, अभिभावक तथा कक्षा पाँचवीं से 11वीं तक के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सामाजिक सहयोग, करुणा और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।










