महिला दिवस पर केवीके में कार्यक्रम, महिला किसानों को मशरूम बीज किट वितरित
बक्सर। कृषि विज्ञान केन्द्र, बक्सर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “श्रीमदान से लाभ” विषय पर महिलाओं एवं प्रगतिशील किसानों के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मीना सिंह (पूर्व चेयरपर्सन, नगर परिषद बक्सर) तथा केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक सह प्रमुख डॉ. देवकरन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. देवकरन ने मुख्य अतिथि सहित उपस्थित महिला किसानों और प्रगतिशील किसानों का स्वागत करते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र, बक्सर द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं एवं गतिविधियों की संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ हरिगोविंद किशन ने महिलाओं को सशक्त बनाने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से मशरूम उत्पादन की तकनीक की जानकारी दी। साथ ही सब्जियों की पौधशाला तैयार करने की विधि के बारे में भी विस्तार से बताया। मुख्य अतिथि मीना सिंह ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण और समाज के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं किसानों को मशरूम उत्पादन से संबंधित उन्नत बीज किट का वितरण भी किया गया। इस कार्यक्रम में समाजसेवी राजकुमार सिंह, पन्नु यादव, निरंजन राम, हेमलता पांडेय, गीता देवी, राजवंती देवी, देवकी सिंह, बिंदु जायसवाल, लीलावती, फनम देवी और बुधिया देवी सहित करीब 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में केवीके के आरिफ परवेज, संदीप कुमार, ब्रह्मदेव पासवान और संतोष प्रसाद ने सहयोग किया।










