दुल्लहपुर में सूर्य नारायण मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह सम्पन्न
सिमरी। प्रखंड क्षेत्र के दुल्लहपुर गांव में शुक्रवार को नव निर्मित सूर्य नारायण मंदिर में भगवान की प्रतिमा का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह सम्पन्न हुआ। यह धार्मिक आयोजन पूरी विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आयोजित किया गया। विद्वान पंडितों द्वारा आहूत मंत्रों से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर प्रतिमा की भव्य शोभा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें गाजे-बाजे, जयकारों और धार्मिक नारों के बीच सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महिलाएं, पुरुष और युवा उत्साहपूर्वक इस यात्रा में शामिल हुए, जिससे गांव और आसपास का क्षेत्र भक्तिरस में डूब गया। समारोह के दौरान श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आयोजन भी किया गया, जिसमें क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। पूर्व एमएलसी हुलास पांडेय, लोजपा महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष अंशु कुमारी, सुनील कुमार सिंह, कृष्णा पाण्डेय, धर्मपाल पांडेय सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर आचार्य हरि प्रपन्नाचार्य जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आयोजन ने पूरे गांव और आस-पास के इलाकों में धार्मिक जोश और श्रद्धा की भावना को और अधिक प्रबल किया।










