कृष्णाब्रह्म क्षेत्र में ट्रक लूट का पुलिस ने किया सफल उद्भेदन, तीन आरोपी गिरफ्तार
बक्सर। जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटकी ढकाईच स्थित एनएच-922 पर 19 फरवरी 2026 को खड़ी सामान लदे ट्रक (डब्लूबी29ए8565) की लूट मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। अज्ञात बदमाशों ने ट्रक के खलासी मंजी कुमार गौड़ (तिलकराय के हाता, बक्सर) को बंधक बनाकर ट्रक सहित सामान लूट लिया था। इस संबंध में कृष्णाब्रह्म थाना कांड संख्या 28/26, 20 फरवरी 2026, धारा 310(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, बक्सर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरांव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पहले विशाल सिंह (बलिहार, सिमरी, बक्सर) को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर करनामेपुर (भोजपुर) से गुप्तेश्वर पासवान और उत्तम मिश्रा को लूटी गई ट्रक व सामान सहित गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (बीआर4एस0047), लूटा गया ट्रक तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।










