डुमराँव में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस प्रशासन ने किया फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था हुई कड़ी
डुमराँव नगर। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च नया भोजपुर थाना परिसर से शुरू होकर नया भोजपुर चैक ,पुराना भोजपुर सहित और अन्य संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च का नेतृत्व डुमराँव सर्किल इंस्पेक्टर श्री नाथ कुमार थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने किया। इसमें स्थानीय पुलिस बल के अलावा अर्धसैनिक बलों के जवान भी शामिल थे। मार्च के दौरान पुलिस द्वारा लोगों से सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई और यह संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रमुख पूजा पंडालों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, साथ ही आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से भी निगरानी की योजना है स्थानीय लोगों ने फ्लैग मार्च का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उन्हें सुरक्षा का एहसास होता है और त्योहार शांतिपूर्वक मनाने में मदद मिलती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।










