बड़ी खबर
चैती छठ, महावीर पूजा और ईद को लेकर शांति समिति की बैठक
बक्सर। आगामी चैती छठ, महावीर पूजा और ईद को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर 9 मार्च 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिले के विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष, प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर तथा शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में त्योहारों के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन, महावीर पूजा के जुलूस के मार्ग निर्धारण तथा ईद के अवसर पर सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि महावीर पूजा के अवसर पर निकलने वाले जुलूस के आयोजन, जुलूस के मार्ग और उसमें शामिल लोगों की संख्या से संबंधित पूरी जानकारी जल्द से जल्द अनुमंडल कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्था की जा सके।










