कृषि विज्ञान केन्द्र बक्सर में एक दिवसीय किसान मेला सह कृषि उपकरण प्रदर्शनी आयोजित
बक्सर। कृषि मशीनीकरण के महत्व और किसानों को उन्नत कृषि यंत्रों की तकनीकी जानकारी देने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केन्द्र, बक्सर द्वारा मंगलवार को लालगंज स्थित केन्द्र परिसर में एक दिवसीय किसान मेला सह कृषि उपकरण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के सहयोग से किया गया। मेले का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने राष्ट्रीय गीत व द्वीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. देवकरन ने फसल अवशेष प्रबंधन पर प्रकाश डालते हुए हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, स्ट्रॉ बेलर सहित विभिन्न यंत्रों की जानकारी दी। आईसीएआर, पटना के विभागाध्यक्ष डॉ. उज्ज्वल कुमार ने जीरो टिलेज तकनीक, जबकि वैज्ञानिक डॉ. प्रेम कुमार सुंदरम ने लेजर लेवलर एवं रेज्ड बेड प्लांटर की उपयोगिता बताई। डॉ. पवन जीत ने ड्रोन तकनीक तथा डॉ. रामकेवल ने कस्टम हायरिंग सेंटर की जानकारी दी। प्रदर्शनी में उत्कृष्ट स्टॉल के लिए दशरथ सिंह एवं बिनोद सिंह को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक किसानों ने भाग लिया।










