हिंदी दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर में हुआ कार्यक्रम, जिला प्रशासन सहित गणमान्य लोग हुए शामिल
बक्सर (एसएनबी)। हिंदी दिवस के इस अवसर पर रविवार को अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह के द्वारा जिलेवासियों एवं सभाकक्ष में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय एकता की सशक्त कड़ी है। यह केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारे विचारों, भावनाओं और पहचान की अभिव्यक्ति है। बिहार में राजभाषा के रूप में हिंदी हमारे सरकारी कामकाज की आधारभूत भाषा है। इसलिए आवश्यक है कि हम सभी अपने दैनिक कार्यों और प्रशासनिक दायित्वों में गर्वपूर्वक हिंदी का प्रयोग करें। आइए, हम यह संकल्प लें कि हम हिंदी को सम्मान दें, इसे आत्मविश्वास के साथ अपनाएँ और नई पीढ़ी तक इसकी शक्ति पहुँचाएँ। यही हिंदी दिवस मनाने की सार्थकता है। 14 सितम्बर, 1949 को भारत की संविधान सभा ने हिन्दी भाषा को संघ की राजभाषा के रूप में अंगीकृत किया था। इसलिए प्रत्येक वर्ष हम 14 सितम्बर को हिन्दी दिवस के रूप में मनाते हैं। हिन्दी भाषा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता की पहचान तथा जनमानस की अभिव्यक्ति का एक सशक्त माध्यम है। हमारे विशाल और बहुभाषी राष्ट्र के नागरिकों एवं राज्यवासियों को एक मंच पर लाने में संपर्क भाषा के रूप में हिन्दी-भाषा का अत्यन्त महत्वपूर्ण योगदान रहा है। बिहार हिन्दी भाषी राज्य है और यहाँ 1950 से ही राजभाषा अधिनियम लागू है। राजभाषा के रूप में हिन्दी सरकारी कामकाज की भाषा है। सरकार का दृढ़ निश्चय है कि शासन के सभी स्तरों पर हिन्दी का पूर्ण प्रयोग किया जाय।
इस अवसर पर उपस्थित प्रबुद्ध जनों के द्वारा अपने-अपने विचारों को रखा गया। जिनके नाम इस प्रकार से हैं। धनुलाल प्रेमातुर सेवानिवृत शिक्षक, वर्षा पांडे सामाजिक कार्यकर्ता, विजय शंकर मिश्रा पूर्व प्रधानाध्यापक एमपी स्कूल, विमल शिक्षक लाखन डिहरा, अनुराग मिश्रा प्रधानाध्यापक, शर्मा परवीन शिक्षक, शुभ नारायण पाठक पत्रकार दैनिक जागरण, निधि कुमारी वूशु खिलाड़ी, डॉ श्री निवास चतुर्वेदी, डॉ. रासबिहारी शर्मा, सावित्री सिंह शिक्षक, अनीता सिंह शिक्षक, डॉ. विमलेश कुमार सिंह, धनंजय कुमार प्रधानाध्यापक हेमंत चैबे इत्यादि है। वही कार्यक्रम का संचालन सामान्य शाखा प्रभारी वरीय उप समाहर्ता आदित्य कुमार के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यानाथ पासवान जिला पंचायती राज पदाधिकारी बक्सर के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन दिया गया। इस अवसर पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी बक्सर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी बक्सर, वरीय उप समाहर्ता बक्सर एवं सामान्य शाखा के सभी कर्मचारीगण उपस्थित थे।










