नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगाँठ पर डीएम ने दिलाई शपथ, युवाओं को जागरूक रहने का आह्वान
बक्सर। मंगलवार को जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह की उपस्थिति में, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगाँठ के अवसर पर नशीले पदार्थों के उपयोग के विरुद्ध शपथ समाहरणालय सभाकक्ष में ग्रहण की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की शक्ति हैं, इसलिए उनका नशा-मुक्त रहना समाज और देश के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे स्वयं, अपने परिवार और समाज को नशा मुक्त रखने का संकल्प लें, क्योंकि बदलाव की शुरुआत सदैव स्वयं से होती है। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करना है। आम नागरिक भी ऑनलाइन माध्यम से नशा मुक्ति शपथ ग्रहण कर प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकते हैं तथा क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे ऑनलाइन शपथ ले सकते हैं। उन्होंने जिलेवासियों से ऑनलाइनदृऑफलाइन अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। जिला पदाधिकारी ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति, बल्कि परिवार और समाज की प्रगति में भी बाधा उत्पन्न करता है। कार्यक्रम का उद्देश्य नशा-उन्मूलन के प्रति व्यापक जन-जागरूकता बढ़ाना है। अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहत्र्ता, अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित थे।










