एनडीए प्रत्याशी आनंद मिश्र का जनसंपर्क अभियान तेज, बोले बक्सर का विकास हमारी पहली प्राथमिकता
बक्सर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण में बक्सर जिले की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है। इसी क्रम में 200 बक्सर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए (भाजपा) प्रत्याशी आनंद मिश्र ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। वे लगातार गांव-गांव और शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं तथा अपने पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं। राष्ट्रीय सहारा से बातचीत में आनंद मिश्र ने कहा कि “जीत के बाद हम जनता के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे और विकास के हर उस कार्य को प्राथमिकता देंगे, जिसकी आवश्यकता बक्सर को है।” उन्होंने कहा कि बक्सर धार्मिक नगरी है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक पर्यटन और स्थानीय विकास को बढ़ावा देना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी। आनंद मिश्र ने शहर के व्यापारियों और विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों से भी मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने विश्वास जताया कि बक्सर की जनता, व्यापारी वर्ग सहित सभी तबके के लोग उन्हें अपना मत देकर आशीर्वाद देंगे।










