मुंडन संस्कार और एकादशी स्नान से बढ़ी भीड़, ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त
बक्सर। जिले में मुंडन संस्कार और रंगारंग एकादशी पर्व को लेकर शुक्रवार को शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही श्रद्धालुओं और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी, जिसके कारण प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। गोलंबर चौक, सैंडीगेट, बाईपास रोड, बक्सर-इटाढ़ी गुमटी तथा बक्सर स्टेशन के आसपास लंबा जाम लगा रहा। घाटों और मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष रूप से भीड़ रामरेखा घाट के पास देखने को मिल। मुंडन संस्कार के लिए बड़ी संख्या में परिवार अपने बच्चों के साथ पहुंचे थे, वहीं एकादशी स्नान और पूजा-अर्चना के लिए भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। दोपहर तक स्थिति यह रही कि कई वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी विलंब हुआ। इस संबंध में पूर्व छात्र नेता सह पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बक्सर सदर राजाराम यादव ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था की समुचित योजना नहीं होने से आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जाम की समस्या के कारण स्थानीय दुकानदारों, स्कूली बच्चों और यात्रियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बक्सरवासियों ने प्रशासन से भविष्य में बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की अपेक्षा जताई है, ताकि पर्व के उल्लास के बीच आमजन को असुविधा न हो।










