ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा
बक्सर। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बुधवार को प्रखण्ड परिसर, बक्सर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के तहत वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था तथा अग्निशमन यंत्रों की स्थिति की बारीकी से जाँच की गई। साथ ही परिसर की साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, जल निकासी व्यवस्था तथा प्रवेश-निकास प्रणाली की भी पड़ताल की गई। जिलाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर को निर्देश दिया कि वेयरहाउस की सुरक्षा, स्वच्छता तथा बिजली संचालन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की चूक न हो। निरीक्षण के क्रम में भूमि सुधार उप समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।










