आरा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बने विधायक आनंद मिश्र, शिक्षा और जीवन मूल्यों पर दिया प्रेरणादायक संदेश
बक्सर। आरा स्थित ज़ी माउंट लिटेरा स्कूल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर आनंद मिश्र ने शिक्षा, अनुशासन एवं जीवन मूल्यों पर सारगर्भित और प्रेरणादायक संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि “शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास का माध्यम है। जब शिक्षा के साथ संस्कार और नैतिक मूल्य जुड़ते हैं, तभी एक सशक्त और जिम्मेदार समाज का निर्माण संभव होता है।” उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही यह भी कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उसे सीख के रूप में अपनाना चाहिए। अभिभावकों को संबोधित करते हुए श्री मिश्रा ने कहा कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उनकी रुचि और प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित मार्गदर्शन देना अधिक आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा आनंद मिश्र का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया गया। कार्यक्रम सफल एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।










