बड़ी खबर
पूर्व सैनिक संघ की बैठक में शामिल हुए विधायक आनंद मिश्र, समस्याओं पर हुई चर्चा
बक्सर। शहर के माँ मुण्डेश्वरी हॉस्पिटल परिसर में रविवार को डॉ. मेजर (सेवानिवृत्त) पी.के. पांडेय की अध्यक्षता में पूर्व सैनिक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान जिले के कई पूर्व सैनिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं, उनके सम्मान और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक आनंद मिश्र ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिक राष्ट्र के गौरव हैं और उनके सम्मान व अधिकारों की रक्षा करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से अपनी पांच प्रमुख समस्याएं चिन्हित कर देने का आग्रह किया, ताकि उन्हें सरकार और प्रशासन के स्तर पर प्राथमिकता के साथ उठाकर समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का त्याग, अनुशासन और देशभक्ति समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके कल्याण के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर मेजर पी.के. पांडेय, सूबेदार हरेंद्र तिवारी, सूबेदार विद्यासागर चौबे, लेफ्टिनेंट रासबिहारी ओझा, कैप्टन बी.एन. पांडे, कैप्टन श्रीनिवास सिंह, सूबेदार मेजर रासबिहारी सिंह, सुरेंद्र सिंह, नायब सूबेदार हरेंद्र मिश्रा, कैप्टन कन्हैया पंडित, चंद्रजीत सिंह, कमलेश्वर राय, बलराम मिश्रा, संजय कुमार पाठक, लक्ष्मण चौबे और राधाकृष्ण सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।










