मैट्रिक परीक्षा 17 से, कदाचारमुक्त संचालन को प्रशासन पूरी तरह तैयार
बक्सर। वार्षिक माध्यमिक (सैद्धान्तिक) परीक्षा 2026 के स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर 14 फरवरी को जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, बक्सर में संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने की। परीक्षा 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9ः30 से 12ः45 बजे तथा द्वितीय पाली 2ः00 से 5ः15 बजे तक चलेगी। जिले में कुल 25,489 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बक्सर और डुमरांव अनुमंडल में निर्धारित केंद्रों पर परीक्षा होगी। परीक्षा के सफल संचालन हेतु 61 स्टैटिक दंडाधिकारी, 17 प्रश्न पत्र वितरण गश्ती दल दंडाधिकारी, 6 जोनल एवं 4 सुपर जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा केंद्र पर जूता-मोजा, मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। प्रवेश परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पूर्व बंद कर दिया जाएगा तथा दो स्तर पर तलाशी होगी। जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर में कार्यरत रहेगा। प्रशासन ने विधि-व्यवस्था, निर्बाध बिजली, यातायात, स्वास्थ्य एवं अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।










