Blog
शिक्षा में समानता के लिए 18 मार्च को राजभवन मार्च, अधिक भागीदारी की अपील
बक्सर। जिला परिषद कार्यालय परिसर डाकबंगला में बुधवार को इंकलाबी नौजवान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने समता आंदोलन के आह्वान पर 18 मार्च को पटना में प्रस्तावित राजभवन मार्च में बक्सर सहित पूरे बिहार से छात्र-नौजवानों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि 13 जनवरी 2026 को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा जारी “उच्च शिक्षा संस्थानों में इक्विटी के प्रचार” संबंधी नियम सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य धर्म, जाति, लिंग और जन्म स्थान के आधार पर होने वाले भेदभाव को समाप्त कर समानता और समावेश को बढ़ावा देना है। डॉ. सिंह ने कहा कि देश के विश्वविद्यालयों में जाति आधारित भेदभाव की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। रोहित वेमुला, पायल तडवी और दर्शन सोलंकी जैसे मामलों ने यह दिखाया है कि उच्च शिक्षा संस्थान भी इस समस्या से अछूते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नए नियमों में ओबीसी समुदाय को भी शामिल करना सराहनीय कदम है। 18 मार्च के राजभवन मार्च का उद्देश्य शिक्षा संस्थानों में समानता, न्याय और सम्मान के लिए आवाज बुलंद करना है।










