धार्मिक
पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर में मनाया गया जन्मोत्सव
बक्सर। पंचमुखी हनुमान मंदिर में कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्दशी के पावन अवसर पर हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। महंत श्री रमाकांत जी महाराज के सानिध्य में संपन्न इस कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना, हवन एवं महावीरी झंडा स्थापना की गई। महाराज जी ने अपने प्रवचन में हनुमान जी के आदर्श जीवन, भक्ति और सेवा भाव की महिमा का वर्णन किया। कार्यक्रम में भोजपुरी गायक भरत शर्मा व्यास, के.के. पंडित, बटेश्वर यादव सहित कई कलाकारों ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर भक्तों को भाव-विभोर किया। “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में डीएसपी डॉ. पवन कुमार, अजय कुमार मुनमुन, संदीप ठाकुर समेत कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। पंचमुखी हनुमान मंदिर द्वारा आयोजित यह भव्य आयोजन भक्ति, सद्भाव और एकता का प्रतीक बना।










