रंग-अबीर और ढोल की थाप पर झूम उठा इटाढ़ी, कुर्ता फाड़ होली का दिखा उत्साह
इटाढ़ी। होली का उत्साह बुधवार को सुबह चरम पर दिखा। रंगों के इस पर्व पर थाना परिसर से लेकर बाजार तक लोगों ने जमकर रंग- अबीर उड़ाए और पारंपरिक अंदाज में कुर्ता फाड़ होली खेली। थाना परिसर में थानाध्यक्ष सोनू कुमार की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों और पत्रकारों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान माहौल पूरी तरह सौहार्दपूर्ण और उत्साह से भरा रहा। पुलिस और मीडिया के बीच आपसी भाईचारे की झलक देखने को मिली। वहीं इटाढ़ी बाजार में युवकों की टोली ने पारंपरिक कुर्ता फाड़ होली खेली। ढोल-नगाड़ों और होली गीतों के बीच युवाओं ने जमकर मस्ती की और एक-दूसरे के कुर्ते फाड़कर उत्सव का आनंद लिया। पूरे बाजार क्षेत्र में रंगों की बौछार और होली के गीतों से वातावरण सराबोर रहा। होली के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। प्रशासन ने शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की थी, जिसका असर भी देखने को मिला। कुल मिलाकर इटाढ़ी में होली का त्योहार आपसी भाईचारे, उत्साह और परंपरा के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया।










