जिला समन्वय समिति की बैठक में अधिकारियों को कड़ी चेतावनी, काम में तेजी लाने के निर्देश
बक्सर। समाहरणालय बक्सर स्थित सभाकक्ष में 25 फरवरी को जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसान रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए इटाढ़ी के प्रखंड कृषि पदाधिकारी के वेतन स्थगन का निर्देश दिया गया, जबकि ब्रह्मपुर सहित अन्य प्रखंडों के संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया। ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा में प्रगति धीमी पाई गई, जिस पर सभी बीडीओ को कार्य में तेजी लाने का निर्देश मिला। उच्च न्यायालय से जुड़े लंबित मामलों, सीएम डैशबोर्ड एवं शिकायत अनुश्रवण कोषांग के परिवादों के समय पर निष्पादन पर भी सख्ती बरतने को कहा गया। कन्या विवाह मंडप निर्माण, उपयोगिता प्रमाण पत्र लंबित रहने तथा स्वास्थ्य संस्थानों में ओपीडी संचालन की दैनिक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनगणना 2027 की तैयारी को लेकर विभिन्न प्रखंडों से एन्यूमरेटर व सुपरवाइजर की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।










