बक्सर में नगर परिषद ने अनियंत्रित लाउडस्पीकरों पर कार्रवाई कर 44 जब्त
बक्सर। पिछले दिनों अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर के आदेश पर नगर परिषद बक्सर ने बक्सर नगर में छोटे लाउडस्पीकरों के अनियंत्रित प्रयोग को रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 44 छोटे लाउडस्पीकर जब्त किए गए। अभियान का उद्देश्य सड़कों पर चलने वाले ठेले, सब्जी विक्रेता और फल विक्रेता की दुकानों पर निर्बाध रूप से बजाए जाने वाले लाउडस्पीकरों से होने वाली ध्वनि प्रदूषण और नागरिकों की असुविधा को समाप्त करना था। अनुमंडल पदाधिकारी को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर लगातार सूचना मिल रही थी कि नगर क्षेत्र में दुकानदार लाउडस्पीकर का अत्यधिक प्रयोग कर सामान बेचते हैं, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वालों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पहले भी दुकानदारों से लाउडस्पीकर बंद करने का अनुरोध किया गया था, लेकिन उनकी अनदेखी के कारण आज यह कार्रवाई की गई। विगत 8 जनवरी 2026 को शांति समिति की बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने आश्वासन दिया था कि बिहार कंट्रोल एंड यूज ऑफ लाउडस्पीकर एक्ट के तहत उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। नगर परिषद को निर्देशित किया गया था कि त्वरित कार्रवाई कर रिपोर्ट अनुमंडल पदाधिकारी को प्रस्तुत करें।










