अस्मिता लीग में बेटियों की दौड़, खुशबू कुमारी तीनों स्पर्धाओं में अव्वल
बक्सर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अस्मिता लीग कार्यक्रम के तहत रविवार को किला मैदान में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, एनसीसी, एनएसएस तथा युवा मंडलों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला युवा अधिकारी कोमल निगम, जिला खेल पदाधिकारी आलोक नारायण वत्स, व्याख्याता वीरेंद्र प्रसाद, रास बिहारी शर्मा तथा युवा समाजसेवी सुंदरम कुमार ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कोमल निगम ने कहा कि युवतियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेलकूद में भागीदारी बेहद जरूरी है। प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—100 मीटर दौड़ में खुशबू कुमारी (उच्च माध्यमिक विद्यालय उमरपुर) प्रथम, पूजा कुमारी (खेलो भारत, बक्सर) द्वितीय तथा श्रेया कुमारी (उच्च विद्यालय, बक्सर) तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ में खुशबू कुमारी प्रथम, पूजा कुमारी द्वितीय और श्रेया कुमारी तृतीय रहीं। वहीं 400 मीटर दौड़ में खुशबू कुमारी प्रथम, श्वेता कुमारी द्वितीय तथा रिया कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पदक व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अशोक कुमार, कमल किशोर राय, सुनील कुमार सिंह, अभिषेक कुमार, विपिन कुमार और गणेश कुमार सहित स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन अशोक कुमार ने किया।










